कवर लेटर कब लिखें और कब छोड़ दें
लिखें जब: आवेदन में माँगा गया हो · आप सीधे ईमेल से आवेदन कर रहे हों · आप क्षेत्र बदल रहे हों · आपके करियर में कोई अंतराल है जिसे समझाना बेहतर है · आप किसी संदर्भ (referral) से आवेदन कर रहे हों।
छोड़ दें जब: पोर्टल पर एक-क्लिक आवेदन हो और कोई खाना न हो · आप वही घिसा-पिटा टेम्पलेट भेजने वाले हों। कोई कवर लेटर न भेजना, ख़राब कवर लेटर भेजने से बेहतर है — क्योंकि टेम्पलेट वाला पत्र यह संकेत देता है कि आपने कंपनी के बारे में कुछ नहीं सोचा।
चार पैराग्राफ़ का ढाँचा
पैरा 1 — क्यों लिख रहे हैं (2 लाइन). कौन-से पद के लिए, कहाँ देखा, और अगर किसी ने भेजा है तो उसका नाम। संदर्भ का नाम पहली लाइन में आना चाहिए, आख़िरी में नहीं।
पैरा 2 — आप क्यों (4–5 लाइन). जॉब डिस्क्रिप्शन की सबसे ज़रूरी माँग उठाइए और उसका सीधा प्रमाण दीजिए। एक ठोस उदाहरण, संख्या के साथ। यह पैराग्राफ़ हर आवेदन में बदलना चाहिए।
पैरा 3 — यह कंपनी क्यों (2–3 लाइन). कुछ ऐसा जो सच में इसी कंपनी पर लागू हो — उनका उत्पाद, उनका बाज़ार, कोई हालिया घोषणा। "आपकी प्रतिष्ठित कंपनी" जैसे वाक्य किसी भी कंपनी पर चिपक जाते हैं, इसलिए इनका कोई असर नहीं।
पैरा 4 — आगे क्या (1–2 लाइन). एक सरल, आत्मविश्वास भरी समापन पंक्ति और धन्यवाद।
पूरा पत्र 250 से 300 शब्द में। एक पेज से ज़्यादा कभी नहीं।
ईमेल में लिखें या अटैच करें?
भारत में ज़्यादातर आवेदन ईमेल से जाते हैं, और यही वह जगह है जहाँ सबसे आम ग़लती होती है: लोग ख़ाली ईमेल में सिर्फ़ रिज्यूमे अटैच कर देते हैं, या "Please find attached my resume" लिखकर छोड़ देते हैं।
सही तरीक़ा:
- कवर लेटर को ईमेल के मुख्य हिस्से (body) में लिखें, अलग फ़ाइल में नहीं। रिक्रूटर उसे तुरंत पढ़ लेगा; अलग अटैचमेंट अक्सर नहीं खोला जाता।
- रिज्यूमे PDF में अटैच करें, नाम अपने ऊपर: `Rahul_Sharma_Resume.pdf`
- सब्जेक्ट लाइन साफ़ रखें: `Application — Backend Developer (Java) — Rahul Sharma — 4 yrs`. अगर आवेदन में कोई संदर्भ संख्या दी है तो वह भी डालें।
- ईमेल में अपना फ़ोन नंबर ज़रूर लिखें, ताकि रिक्रूटर को फ़ाइल खोलनी न पड़े।
अलग PDF कवर लेटर सिर्फ़ तब बनाएं जब आवेदन फ़ॉर्म में उसका अलग खाना हो।
एक छोटा नमूना
Subject: Application — Accounts Executive — Seema Verma — 2 yrs
Dear Hiring Team,
I'm applying for the Accounts Executive role listed on your careers page. I've spent the last two years as an accounts assistant at Sharma Traders in Patna.
Your listing asks for GST filing and Tally experience. I handle monthly GSTR-1 and GSTR-3B filings for a firm with about 200 monthly invoices, and I moved our ledger from manual entry into Tally Prime last year, which cut our month-end closing from about a week to two days.
I'm keen to join a larger finance team where I can work on audit preparation as well — something your job description mentions and my current role doesn't offer.
I've attached my resume. I'd be glad to discuss this further. Thank you for your time.
Regards, Seema Verma · 9xxxxxxxxx
ध्यान दें: दूसरे पैराग्राफ़ में सीधे वही माँग उठाई गई है जो विज्ञापन में थी, और उसका ठोस प्रमाण दिया गया है। यही पूरे पत्र का काम है। भूमिका के अनुसार तैयार उदाहरण अंग्रेज़ी में यहाँ हैं: Cover letter examples।